हरिद्वार के चिड़ियापुर में नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन करते SSP नवनीत सिंह
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हरिद्वार के चिड़ियापुर क्षेत्र में पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद चौकी भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय निवासियों की मौजूदगी रही।
चिड़ियापुर चौकी थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत आती है और उत्तर प्रदेश की सीमा के नजदीक होने के साथ ही हाईवे पर स्थित है। ऐसे में यह चौकी सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद परिसर का निरीक्षण किया और चौकी में तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस चौकी के संचालन से बॉर्डर एरिया में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। शातिर अपराधियों की घुसपैठ रोकने के साथ ही आमजन को त्वरित सहायता मिल सकेगी।
नवनिर्मित चौकी भवन के शुभारंभ से क्षेत्रीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना और विश्वास बढ़ा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जिससे अपराध नियंत्रण व यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान एसपी क्राईम/ ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी तथा थाना श्यामपुर स्टाफ मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें–टेम्पो में खो गया जेवरात से भरा बैग, भगवानपुर पुलिस ने CCTV से खोजकर लौटाया
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेट पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
