कोतवाली रुड़की पुलिस ने गोकशी मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर नौमान उर्फ काला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
रिपोर्टर (अमन खान)
हरिद्वार/रुड़की जनपद हरिद्वार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने गोकशी के मामले में वांछित गैंगस्टर नौमान उर्फ काला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था और उसके खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली रुड़की पुलिस ने ग्राम जोरासी स्थित मटर फैक्ट्री के पीछे छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी नौमान उर्फ काला पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। हालांकि तलाशी के दौरान घटनास्थल से लगभग 100 किलोग्राम गोमांस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 319/2026 के तहत गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। लगातार की जा रही पतारसी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस को आरोपी के लक्सर रोड स्थित लंढौरा चौक के आसपास होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नौमान उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नौमान उर्फ काला पुत्र शाहनवाज, निवासी ग्राम जोरासी जबलपुर, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार का रहने वाला है। आरोपी के एक अन्य साथी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच में सामने आया है कि नौमान उर्फ काला का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके विरुद्ध विभिन्न मामलों में विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराधियों और संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्र मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप भंडारी तथा कांस्टेबल अनुप लिंगवाल शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें–हरिद्वार भैंस खरीद के बहाने हुई ₹1 लाख की लूट का खुलासा महिला मास्टरमाइंड गिरफ्तार…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
