ऑपरेशन प्रहार के तहत लक्सर पुलिस ने भैंस खरीद के बहाने हुई ₹1 लाख की लूट का खुलासा करते हुए महिला मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से ₹10 हजार बरामद किए।
रिपोर्टर (अमन खान)
हरिद्वार/लक्सर जनपद हरिद्वार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने भैंस खरीद के बहाने अंजाम दी गई ₹1 लाख की लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए मामले की कथित महिला मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लूट की रकम में से ₹10 हजार बरामद किए हैं, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरचंदी निवासी इमरान ने लूट की घटना के संबंध में कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान उप निरीक्षक दीपक चौधरी और हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश ने अहम भूमिका निभाई। दोनों पुलिसकर्मियों ने तकनीकी इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं का बारीकी से विश्लेषण करते हुए संदिग्धों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लगातार की गई पतारसी और सटीक सूचना संकलन के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि पूरी वारदात के पीछे एक महिला की भूमिका है।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि इमरान के पास एक लाख रुपये होने की जानकारी मिलने पर उसने अपने साथी को व्हाट्सऐप कॉल कर लूट की योजना बनाई थी। उसके साथियों ने नियामतपुर के पास इमरान से एक लाख रुपये लूट लिए और महिला को भी ₹20 हजार हिस्सा दिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ₹10 हजार बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उप निरीक्षक दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, कांस्टेबल अजीत तोमर तथा महिला होमगार्ड किरण शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सतर्कता, तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें–हरिद्वार चेकिंग अभियान में सिडकुल पुलिस ने दो युवकों को अवैध चाकू के साथ दबोचा आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
