ऋषिकुल ऑडिटोरियम में निर्जला एकादशी स्नान मेले की सुरक्षा ब्रीफिंग करते पुलिस अधिकारी
निर्जला एकादशी स्नान मेला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह तैयार
हरिद्वार। निर्जला एकादशी स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष ब्रीफिंग कार्यक्रम में स्नान पर्व के लिए नियुक्त पुलिस बल को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग की अध्यक्षता एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में सोमवती अमावस्या स्नान और वर्तमान चारधाम यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेला क्षेत्र को बेहतर प्रबंधन के लिए 04 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

मेला क्षेत्र के प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर पैनी नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भीड़ की स्थिति का लगातार आकलन कर समय-समय पर आवश्यक कदम उठाए जाएं। हर की पौड़ी, मनसा देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) एवं डॉग स्क्वॉड की टीमों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मेला क्षेत्र में सक्रिय रखा जाएगा। इसके अलावा जल पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और घुड़सवार दल को भी महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है।
मेले में जेबकतरों, असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शेष फोकस चारधाम यात्रा और सप्ताहांत के कारण हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क किनारे वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को टो कर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को गर्मी से बचाव, समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, ट्रैफिक प्लान की जानकारी रखने, अफवाहों पर नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जवानों को पानी, ORS और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने को कहा गया।
निर्जला एकादशी स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इनमें अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस, होमगार्ड्स, पीआरडी जवान, सीएपीएफ, एसडीआरएफ, एटीएस, जल पुलिस और फायर सर्विस की टीमें शामिल हैं। हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लें।
यह भी पढ़ें– निर्जला एकादशी मेले में बिछड़ा मासूम परिजनों से मिला…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
