मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में 'वेड इन उत्तराखंड' राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना ‘वेड इन उत्तराखंड’ अभियान राज्य के पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश और दुनिया के प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
बुधवार को मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट, किमाड़ी में इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज (आईसीईआई) द्वारा आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने देशभर से आए वेडिंग प्लानर्स, इवेंट विशेषज्ञों, पर्यटन उद्यमियों और निवेशकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड में वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए नए अवसर पैदा करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में विवाह केवल सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। देवभूमि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए विशेष बनाती है। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान विश्वभर के लोगों के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार त्रियुगीनारायण, ऊखीमठ, टिहरी, रामनगर, मसूरी सहित कई स्थानों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इससे होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, टैक्सी सेवा, स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, फूल व्यवसायियों, फोटोग्राफरों और छोटे व्यापारियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद, अध्यात्म और वेलनेस टूरिज्म के लिए भी तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार पर्यटन के सभी क्षेत्रों को विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, रोपवे परियोजनाएं, हेलीपोर्ट विकास और आधुनिक सड़क संपर्क जैसी योजनाएं पर्यटन को नई गति देंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों और वेडिंग उद्योग से जुड़े उद्यमियों को सिंगल विंडो क्लीयरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि निवेश प्रक्रिया आसान हो सके। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल सभी विशेषज्ञों से उत्तराखंड को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए अपने सुझाव देने का भी आग्रह किया।
कार्यक्रम में इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी, पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट के संस्थापक आचार्य आशीष सेमवाल, देशभर से आए वेडिंग प्लानर्स, पर्यटन विशेषज्ञ, निवेशक और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन में पर्यटन, वेडिंग इंडस्ट्री और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
यह भी पढ़ें–विश्व युवा कौशल दिवस पर युवाओं को मिला आत्मनिर्भर भारत का मंत्र…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
