रानीपुर क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई करती हरिद्वार पुलिस
खनन माफियाओं पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा, नदी में चल रहा था खेल, 4 भैंसा बुग्गियां पकड़ी गईं
हरिद्वार। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत और बजरी निकाल रही चार भैंसा बुग्गियों को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह कोतवाली रानीपुर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में विशेष चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने टिहरी विस्थापित नदी रपटे क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुछ लोगों को नदी से अवैध रूप से रेत और बजरी निकालते हुए देखा। मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खनन कार्य में प्रयुक्त चार भैंसा बुग्गियों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई भैंसा बुग्गियों का उपयोग अवैध खनन सामग्री को नदी क्षेत्र से बाहर ले जाने के लिए किया जा रहा था। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रकरण की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी जा रही है, ताकि अग्रिम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इससे नदी तंत्र और प्राकृतिक संसाधनों को भी नुकसान पहुंचता है। इसी कारण प्रशासन और पुलिस द्वारा समय-समय पर संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जाता है।
रानीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल जगदेव, कांस्टेबल गिरेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल विजयपाल शामिल रहे।
यह भी पढ़ें–यात्रियों की सुरक्षा पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा फोकस, टूरिस्ट और यात्री बसों का चला विशेष निरीक्षण अभियान..
