हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
रिपोर्टर (अमन खान)
हरिद्वार कांवड़ मेला-2026 के दौरान लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सोमवार को विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने कांवड़ मेला क्षेत्र, कांवड़ पटरी मार्ग, ढाबों, रेस्टोरेंट, होटल, डेयरी, जूस सेंटर तथा अस्थायी खाद्य स्टॉलों का व्यापक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 35 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा 12 खाद्य नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए।
यह अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी के निर्देशन में गठित तीन टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। टीमों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, लाइसेंस, मूल्य सूची तथा पैक्ड खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि की जांच की।
पहली टीम का नेतृत्व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने किया। टीम ने ज्वालापुर के आर्यनगर स्थित एक डेयरी की शिकायत पर खुला पनीर और दूध के नमूने लिए। इसके अलावा रोड़ी बेलवाला पार्किंग क्षेत्र में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से विभिन्न ढाबों और रेस्टोरेंटों में मसाले, डेयरी उत्पाद, खाद्य तेल, नमक, चाय और चीनी सहित 64 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान 7 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया गया। टीम ने खुली हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।
बहादराबाद और कलियर क्षेत्र में भी जांच
दूसरी टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में बहादराबाद हाईवे, आत्मलपुर बोगला, धनौरी तथा कलियर क्षेत्र के ढाबों, जूस सेंटरों और कोल्ड ड्रिंक विक्रेताओं का निरीक्षण किया। टीम ने पैक्ड खाद्य पदार्थों और कोल्ड ड्रिंक्स की एक्सपायरी डेट की जांच की, जिसमें कहीं भी एक्सपायर उत्पाद नहीं मिले। हालांकि, जांच के दौरान कोल्ड ड्रिंक, पान मसाला, नूडल्स, चावल और समोसे के नमूने संग्रहित कर राज्य प्रयोगशाला भेजे गए। एक पेयजल निर्माता कंपनी को लेबलिंग नियमों का पालन नहीं करने पर नोटिस भी जारी किया गया।
रुड़की और भगवानपुर में भी चला निरीक्षण
तीसरी टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस, मूल्य सूची प्रदर्शित करने तथा एक्सपायर खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए। यहां से दुग्ध एवं अन्य पेय पदार्थों के तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। पूरे अभियान के दौरान खुली हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पान मसाला, कोल्ड ड्रिंक, चावल, नूडल्स, खुला पनीर और दूध सहित कुल 12 नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग लगातार जागरूकता अभियान भी चला रहा है ताकि खाद्य कारोबारी निर्धारित मानकों का पालन करें और श्रद्धालुओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि कांवड़ मेला समाप्त होने तक खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्ता मानकों का पालन करने और वैध लाइसेंस प्रदर्शित करने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें–कांवड़ मेला-2026 32 स्वास्थ्य शिविरों में शिवभक्तों को मिल रहा निशुल्क उपचार…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
