रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में कांवड़ मेले की तैयारियों का निरीक्षण करते पुलिस और मेला प्रशासन के अधिकारी
आगामी कांवड़ मेल को देखते हुए मेला प्रशासन ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा कांवड़ियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सुश्री निशा यादव एवं अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में पुलिस, मेला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एडमिन रोड, बॉक्स कल्वर्ट पुल तथा आसपास के क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को एडमिन रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री एवं मलबे को तत्काल हटाने, सड़क के गड्ढों को भरकर समतलीकरण करने तथा मार्ग पर मौजूद सभी अवरोधों को दूर कर आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का शीघ्र समतलीकरण करने की भी हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने निर्माणाधीन बॉक्स कल्वर्ट पुल की एक लेन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुल पर कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए रैंप तैयार करने तथा अलकनंदा होटल को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान हाईवे से पार्किंग तक सुरक्षित पहुंच, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेला शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं तथा किसी भी संभावित जोखिम वाले स्थान को तत्काल सुरक्षित बनाया जाए।
मेला प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले। इसके लिए पुलिस, मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित पुलिस, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें–फरार वारंटी को कलियर पुलिस ने दबोचकर पहुंचाया सलाखों के करीब…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
