हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
हरिद्वार, 17 जून 2026।
जनपद हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल हो तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।

उन्होंने बताया कि जनपद के सभी क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरवाकर संकलित भी कर रहे हैं। इसके साथ ही प्राप्त आंकड़ों का डिजिटाइजेशन कार्य भी तेजी से किया जा रहा है ताकि मतदाता सूची को समयबद्ध तरीके से अपडेट किया जा सके। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने स्तर पर बीएलओ के कार्यों में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों का सहयोग आवश्यक है। यदि सभी राजनीतिक दल और प्रशासन मिलकर कार्य करेंगे तो मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर अभी तक बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां संबंधित राजनीतिक दल शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करें और उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इससे निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय में और सुचारु रूप से संपन्न हो सकेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने, पता परिवर्तन कराने अथवा नाम विलोपन जैसी प्रक्रियाओं के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आमजन को इन सुविधाओं की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रत्येक चरण को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मतदाता संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन करा सकें। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जनपद में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर संतोष व्यक्त किया तथा प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप वे भी अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, बसपा जिलाध्यक्ष मदन पाल, कांग्रेस महासचिव साहिल राणा, सीपीआईएम जिला कमेटी सदस्य राजीव गर्ग सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अधिकार से जोड़ा जाए और आगामी चुनावों के लिए एक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
यह भी पढ़ें– खेत में उतरे मुख्यमंत्री धामी, टिलर चलाकर किसानों को दिया बड़ा संदेश…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
