संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर भगवानपुर के चुड़ियाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलश यात्रा का शुभारंभ कर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया।
रिपोर्टर (अमन खान)
हरिद्वार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र में आयोजित भव्य कार्यक्रम के साथ समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। चुड़ियाला स्थित संत रविदास मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश बंधन महारैली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं अपने सिर पर कलश रखकर यात्रा में सहभागिता की और कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज तक पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में संत समाज, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश शुभारंभ, समृद्धि और मंगल का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का एक व्यापक जनजागरण अभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज को यह संदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्म, सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण से निर्धारित होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी ने ऐसे समय में समाज को प्रेम, समानता और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया, जब समाज कई प्रकार की विषमताओं से जूझ रहा था। आज भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं और एक समरस, भेदभावमुक्त तथा सशक्त भारत के निर्माण में उनकी शिक्षाएं प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाते हुए सामाजिक सद्भाव और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने गरीब, वंचित, अनुसूचित जाति तथा जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी आधारभूत सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को केवल शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक समान रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत रविदास जी के विचार सामाजिक समरसता और मानवता की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और संत परंपरा के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर स्वामी निर्मलदास जी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए संतों के विचारों को जीवन में उतारना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में जनकल्याण और आधारभूत विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान को पूरे उत्तराखंड में विस्तार देने के उद्देश्य से भाजपा के सभी जिला अध्यक्षों को प्रतीकात्मक रूप से कलश भेंट किए। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक एकता, सद्भाव और समानता के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

समारोह में साध्वी संतोष रानी, संत सतपाल दास, संत 108 रोशनी दास, महंत बंटी दास, संत पिरुमल दास, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मधु सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी देहात शेखर सुयाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत समाज, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी के संकल्प के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी के आदर्श आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाते हैं तथा इन मूल्यों को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें–हरिद्वार पुलिस के तीन अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दशकों की सेवा को सलाम…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटउत्तराखंड पुलिसर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
